देहरादून. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाइयों चमन सिंह और राजपाल सिंह से जुड़े कथित वायरल ऑडियो मामले में शनिवार को पीड़ित बालक राम की बेटी दीक्षा से फोन पर बातचीत की. मुख्यमंत्री ने परिवार से मामले की जानकारी ली और उन्हें सुरक्षा तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को प्रकरण की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित ऑडियो में बालक राम, उनके परिवार और उनकी बेटियों के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल तथा धमकी देने के आरोप सामने आए हैं. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए धामी ने पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष जांच करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सम्मान राज्य सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी व्यक्ति या परिवार को भय के माहौल में रहने के लिए मजबूर नहीं होने दिया जाएगा और सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहायता करेगी.
क्या है पूरा मामला
कुछ दिन पहले चकराता से कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाई चमन सिंह और राजपाल सिंह से जुड़ा एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. आरोप है कि इसमें उत्तराखंड के त्यूणी क्षेत्र के एक व्यक्ति और उसके परिवार की बेटियों के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया तथा उन्हें डराने-धमकाने की बात कही गई.
ऑडियो सामने आने के बाद भाजपा नेता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने मामले की पारदर्शी जांच कराने की मांग की थी. अब मुख्यमंत्री ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए पुलिस को जांच और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

